गंगा दशहरा महोत्सव को लेकर गंगा मंदिर में भव्य आयोजन की रूपरेखा तय
25 मई 2026, सोमवार को निकलेगी माँ गंगा की विशाल पालकी यात्रा ।।।।
पुरुषोत्तम मास के पावन अवसर पर गंगा दशहरा महोत्सव को भव्य एवं आध्यात्मिक स्वरूप में मनाने हेतु गंगा मंदिर परिसर में एक विशेष बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में नगर के अनेक धर्मप्रेमी नागरिक, समाजसेवी, श्रद्धालुजन एवं विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। गंगा मंदिर सेवा परिवार प्रमुख डॉ मुकेश मारू ने बताया कि सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि दिनांक 25 मई 2026, सोमवार को माँ गंगा का पावन उत्सव अत्यंत श्रद्धा, भक्ति एवं उल्लास के साथ मनाया जाएगा।
बैठक में तय किया गया कि शाम 6:00 बजे माँ गंगा की भव्य पालकी यात्रा गंगा मंदिर से प्रारंभ होकर नगर के प्रमुख मार्गों से निकलेगी। यात्रा में भजन-कीर्तन, ढोल-नगाड़ों, जयघोष एवं पुष्पवर्षा के साथ श्रद्धालुजन सम्मिलित होंगे। पालकी यात्रा नगर में धार्मिक एवं भक्तिमय वातावरण का निर्माण करेगी।
पालकी यात्रा के पश्चात गंगा मंदिर परिसर में विशेष रूप से दीप स्तंभ प्रज्वलन किया जाएगा, जिसमें सैकड़ों दीपकों से सम्पूर्ण परिसर आलोकित होगा। इसके बाद श्रद्धा एवं वैदिक मंत्रोच्चार के साथ माँ गंगा की महाआरती संपन्न होगी तथा सभी श्रद्धालुओं को प्रसादी वितरित की जाएगी।
कार्यक्रम के अंतर्गत प्रातःकाल माँ गंगा का दुग्धाभिषेक एवं जलाभिषेक किया जाएगा।,,
इसके पश्चात लोककल्याण, पर्यावरण संरक्षण एवं विश्व शांति की कामना से वैदिक विधि-विधान के साथ हवन सम्पन्न होगा।
बैठक में उपस्थित वक्ताओं ने कहा कि माँ गंगा भारतीय संस्कृति, सनातन परंपरा एवं आध्यात्मिक चेतना की प्रतीक हैं। गंगा दशहरा का पर्व समाज में पवित्रता, सेवा, संस्कार एवं प्रकृति संरक्षण का संदेश देता है। आयोजन समिति ने समस्त नगरवासियों से परिवार सहित उपस्थित होकर धर्मलाभ प्राप्त करने की अपील की है।
बैठक में विशेष रूप से पीतांबरा आश्रम के गुरुदेव निलेश जी शर्मा महाराज, ब्राह्मण समाज के वरिष्ठ सदस्य अरविंद जी व्यास, हिंदू उत्सव समिति के अध्यक्ष पवन शर्मा, रामचंद्र जी साहू, रचना भार्गव, सिद्धार्थ तिवारी, श्याम दांगी , राम जी भील, सत्येंद्र सेंगर , वरिष्ठ अधिवक्ता तेजकरण साहू, विजय नामदेव, नवनीत सोनी , मोहन जी दांगी , अंकित पालीवाल सहित गंगा मंदिर परिवार की संपूर्ण टीम उपस्थित रही ।।।