जिले में अपराध नियंत्रण, कानून व्यवस्था सुदृढ़ीकरण एवं लंबित प्रकरणों के त्वरित निराकरण के उद्देश्य से आज कंट्रोल रूम राजगढ़ में पुलिस अधीक्षक राजगढ़ *श्री अमित तोलानी (भा.पु.से.)* द्वारा जिले के समस्त एसडीओपी एवं थाना प्रभारियों की अपराध समीक्षा बैठक ली गई।
बैठक के प्रारंभ में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक *श्री के.एल. बंजारे* द्वारा पुलिस अधीक्षक महोदय का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया गया।
बैठक में *अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री के.एल. बंजारे*, *एसडीओपी ब्यावरा श्री प्रकाश शर्मा*, *एसडीओपी नरसिंहगढ़ श्रीमती मिनी शुक्ला (भा.पु.से.)*, *एसडीओपी सारंगपुर श्री अरविंद सिंह*, *एसडीओपी राजगढ़ श्री अरविंद राठौर*, *एसडीओपी खिलचीपुर श्री डी.वी.एस. नगर*, *रक्षित निरीक्षक सुश्री उर्मिला चौहान* सहित जिले के *समस्त थाना प्रभारी* एवं पुलिस अधीक्षक कार्यालय का स्टाफ उपस्थित रहा।
बैठक के दौरान पुलिस अधीक्षक महोदय द्वारा जिले में *अपराधों की वर्तमान स्थिति, लंबित प्रकरणों, गंभीर अपराधों* में प्रभावी कार्रवाई, *फरार आरोपियों की गिरफ्तारी, चोरी एवं संपत्ति संबंधी अपराधों* के शीघ्र खुलासे, *महिला अपराधों* में संवेदनशील एवं त्वरित विवेचना, *स्थाई वारंटियों* की धरपकड़ तथा न्यायालयीन प्रकरणों की नियमित मॉनिटरिंग की विस्तार से समीक्षा की गई।
पुलिस अधीक्षक महोदय ने समस्त थाना प्रभारियों को अपने-अपने थाना क्षेत्रों में अधिक से अधिक *सीसीटीवी कैमरे* लगवाने हेतु जनसहयोग से अभियान चलाने, चोरी एवं नकबजनी की घटनाओं में त्वरित *डिटेक्शन* सुनिश्चित करने तथा फरियादियों की शिकायतों की गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ सुनवाई करने के निर्देश दिए।
इसके अतिरिक्त *सीएम हेल्पलाइन* के लंबित प्रकरणों का गुणवत्तापूर्ण एवं समय-सीमा में निराकरण करने, आमजन से बेहतर संवाद स्थापित करने हेतु नियमित रूप से *पुलिस चौपाल* आयोजित करने तथा कानून व्यवस्था को और अधिक प्रभावी एवं जनोन्मुखी बनाने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए।
बैठक में आगामी त्यौहारों एवं आयोजनों को दृष्टिगत रखते हुए जिले में *शांति एवं कानून व्यवस्था* बनाए रखने हेतु विशेष सतर्कता बरतने, संवेदनशील क्षेत्रों में प्रभावी पेट्रोलिंग करने, असामाजिक तत्वों पर सतत निगरानी रखने तथा ड्यूटी के दौरान पूर्ण सजगता एवं अनुशासन के साथ कार्य करने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक उपरांत पुलिस अधीक्षक महोदय द्वारा *उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों* को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया तथा उनके कार्यों की सराहना करते हुए भविष्य में भी इसी प्रकार निष्ठा एवं समर्पण के साथ कार्य करने हेतु प्रोत्साहित किया गया।
*पुलिस अधीक्षक महोदय ने कहा कि पुलिस की कार्यप्रणाली में पारदर्शिता, त्वरित कार्रवाई एवं आमजन के प्रति संवेदनशील व्यवहार सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी अधिकारी एवं कर्मचारी पूरी निष्ठा एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करते हुए जनता में सुरक्षा एवं विश्वास का वातावरण सुनिश्चित करें.।।