पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देशानुसार जिला राजगढ़ में संचालित *सिंहस्थ-2028 प्रशिक्षण कार्यक्रम* का आज दिनांक 06 जून 2026 को *उप पुलिस महानिरीक्षक श्री राजेश सिंह चंदेल* द्वारा निरीक्षण किया गया।
इस अवसर पर *पुलिस अधीक्षक राजगढ़ श्री अमित तोलानी* ने उप पुलिस महानिरीक्षक महोदय का पुष्पगुच्छ भेंट कर आत्मीय स्वागत किया।

निरीक्षण के दौरान प्रशिक्षण कार्यक्रम की दैनिक रूपरेखा एवं गतिविधियों पर आधारित प्रस्तुतीकरण (Presentation) प्रदर्शित किया गया, जिसका अवलोकन उप पुलिस महानिरीक्षक महोदय द्वारा किया गया। उन्होंने प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे पुलिस बल के अधिकारियों एवं कर्मचारियों से संवाद कर प्रशिक्षण की गुणवत्ता, उपयोगिता तथा उनकी तैयारियों की जानकारी प्राप्त की।
उप पुलिस महानिरीक्षक महोदय ने आगामी *सिंहस्थ महाकुंभ-2028 जैसी विशाल एवं चुनौतीपूर्ण ड्यूटी* के महत्व पर प्रकाश डालते हुए पुलिस बल को *पूर्ण समर्पण, अनुशासन, सजगता एवं व्यावसायिक दक्षता के साथ दायित्व निर्वहन* हेतु प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि ऐसे धार्मिक एवं जनसमूह आधारित आयोजनों में पुलिस की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है तथा प्रत्येक अधिकारी-कर्मचारी को विषम परिस्थितियों में भी धैर्य, संवेदनशीलता एवं तत्परता के साथ कार्य करना चाहिए।
निरीक्षण के दौरान पुलिस मुख्यालय द्वारा प्रदाय *300 विवेचना टैबलेट* विवेचकों को वितरित किए गए। इन टैबलेटों के माध्यम से विवेचना कार्यों में तकनीकी दक्षता, पारदर्शिता एवं कार्यकुशलता को और अधिक सुदृढ़ बनाया जा सकेगा।
कार्यक्रम के समापन पर राजगढ़ पुलिस की ओर से उप पुलिस महानिरीक्षक श्री राजेश सिंह चंदेल को *स्मृति चिन्ह* भेंट कर सम्मानित किया गया।
इसके उपरांत उप पुलिस महानिरीक्षक महोदय द्वारा रक्षित केंद्र राजगढ़ में *नव नियुक्त आरक्षकों* को भी संबोधित किया गया। उन्होंने नव आरक्षकों को पुलिस सेवा के मूल्यों, अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा एवं जनसेवा की भावना से अवगत कराते हुए बताया कि किस प्रकार स्वयं को शारीरिक, मानसिक एवं व्यावसायिक रूप से पुलिस कर्तव्यों के लिए तैयार करना है। साथ ही उन्होंने लगन, ईमानदारी एवं समर्पण भाव से सेवा करने हेतु प्रेरित किया।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक राजगढ़ श्री अमित तोलानी ने आश्वस्त किया कि राजगढ़ पुलिस द्वारा भविष्य में भी प्रशिक्षण कार्यक्रमों को और अधिक प्रभावी, व्यवहारिक एवं परिणामोन्मुख बनाया जाएगा, जिससे पुलिस बल किसी भी बड़ी कानून-व्यवस्था एवं जनसुरक्षा संबंधी चुनौती का सफलतापूर्वक सामना कर सके।