राजगढ़

खुशियों के ओटले की बेटियों का सेवा अभियान जारी, घर-घर जाकर जुटा रहीं शिक्षा सामग्री।

राजगढ़

 

ब्यावरा। सामाजिक संस्था “खुशियों का ओटला” द्वारा जरूरतमंद बच्चों की शिक्षा और मानव सेवा के लिए एक सराहनीय अभियान निरंतर चलाया जा रहा है। संस्था की टीम, विशेष रूप से ओटले से जुड़ी बच्चियां, भीषण गर्मी, उमस और कठिन परिस्थितियों के बावजूद घर-घर जाकर पुरानी किताबें, कॉपियां, स्कूल यूनिफॉर्म, बस्ते, पानी की बोतलें एवं अन्य उपयोगी शैक्षणिक सामग्री एकत्रित कर रही हैं।

संस्था के मुख्य सेवादार डॉ सुरजीत सिंह के मार्गदर्शन में चल रहे इस अभियान का उद्देश्य ऐसे गरीब एवं जरूरतमंद बच्चों तक शिक्षा सामग्री पहुंचाना है, जिनके परिवार आर्थिक तंगी के कारण नई पुस्तकें और कॉपियां खरीदने में असमर्थ हैं। हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी “खुशियों का ओटला” शहरवासियों से अपील कर रहा है कि वे अपने बच्चों द्वारा उपयोग की जा चुकी लेकिन अच्छी स्थिति में उपलब्ध पुस्तकें, कॉपियां, यूनिफॉर्म, स्कूल बैग और अन्य सामग्री दान करें, ताकि किसी अन्य बच्चे की शिक्षा में मदद मिल सके।

तस्वीर में दिखाई दे रही ओटले की बच्चियां स्वयं घर-घर पहुंचकर लोगों से सामग्री एकत्रित कर रही हैं। लगभग 42 डिग्री तापमान और तपती धूप के बावजूद उनके हौसले बुलंद हैं। उनके इस सेवा भाव की शहरभर में सराहना की जा रही है।

“खुशियों का ओटला” केवल शिक्षा सामग्री ही नहीं, बल्कि पुराने कपड़े, खिलौने और अन्य उपयोगी वस्तुएं भी एकत्रित कर जरूरतमंदों तक पहुंचाता है। इसके साथ ही संस्था द्वारा भोजन वितरण, बचा हुआ भोजन संग्रह कर जरूरतमंदों तक पहुंचाने तथा विभिन्न मानवीय सेवा कार्यों को भी लगातार अंजाम दिया जा रहा है।

संस्था ने नागरिकों से आग्रह किया है कि वे अपने घरों में रखी ऐसी सामग्री, जो अब उपयोग में नहीं आ रही है लेकिन किसी जरूरतमंद के काम आ सकती है, उसे “खुशियों का ओटला” को दान करें और इस सेवा अभियान का हिस्सा बनें।

“*सेवा का यह छोटा प्रयास किसी जरूरतमंद बच्चे के जीवन में शिक्षा की नई रोशनी ला सकता है।”*