मंदिर समिति द्वारा आयोजन को भव्य और सुव्यवस्थित बनाने के लिए लगातार बैठकों व व्यवस्थाओं का दौर जारी है।
समिति ने कन्याओं के आवेदन 29 दिसंबर तक आमंत्रित किए थे। प्राप्त आवेदनों की विधिवत जांच-पड़ताल के बाद मंगलवार एकादशी की रात्रि को चयनित कन्याओं की सूची सार्वजनिक की गई। मंगलवार रात्रि एकादशी के पावन अवसर पर मंदिर में उपस्थित हजारों श्रद्धालुओं के समक्ष समिति ने नाम सहित चयनित कन्याओं की घोषणा की। इस दौरान समिति ने पारदर्शी प्रक्रिया अपनाते हुए सभी आवेदनों की जांच पूर्ण होने के बाद सूची जारी की।
प्रारंभ में समिति द्वारा 21 कन्याओं के सामूहिक विवाह का निर्णय लिया गया था, लेकिन श्रद्धालुओं के सहयोग, संसाधनों की उपलब्धता और उत्साह को देखते हुए मंगलवार रात्रि को निर्णय लिया गया कि अब 26 कन्याओं का निशुल्क सामूहिक विवाह सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। इसके साथ ही समिति ने कार्यक्रम की संपूर्ण रूपरेखा भी उपस्थित भक्तों के सामने रखी।
समिति के अनुसार, 30 जनवरी को नगर के राधा-कृष्ण मंदिर से भव्य निशान यात्रा एवं बारात निकाली जाएगी, जो नगर भ्रमण करते हुए श्री खाटू श्याम मंदिर परिसर पहुंचेगी। यहां विधि-विधान से पाणिग्रहण संस्कार, इसके पश्चात भंडारे का आयोजन किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।
उल्लेखनीय है कि श्री खाटू श्याम मंदिर में एकादशी के अवसर पर भारी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। मंदिर की स्थापना एवं प्राण-प्रतिष्ठा के एक वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में मनाए जा रहे वार्षिक उत्सव के अंतर्गत ही समिति ने इस निशुल्क सामूहिक विवाह सम्मेलन का निर्णय लिया है। आयोजन को लेकर मंदिर समिति द्वारा व्यवस्थाएं तेज कर दी गई हैं और सामाजिक सहभागिता के साथ इसे ऐतिहासिक बनाने का प्रयास किया जा रहा है।