
ब्यावरा। इण्डियन ओवरसीज बैंक की नवीन शाखा का शुभारंभ आज मध्य प्रदेश शासन के मंत्री श्री नारायण सिंह पंवार द्वारा विधिवत रूप से किया गया। इस अवसर पर इण्डियन ओवरसीज बैंक क्षेत्रीय कार्यालय के महाप्रबंधक श्री संजय कुमार सिंह विशेष रूप से उपस्थित रहे।

ब्यावरा में नई शाखा के उद्घाटन के साथ ही इण्डियन ओवरसीज बैंक ने अपनी विस्तार योजना के तहत एक और महत्वपूर्ण अध्याय की शुरुआत की है। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री श्री नारायण सिंह पंवार ने कहा कि ब्यावरा में इण्डियन ओवरसीज बैंक की शाखा खुलने से क्षेत्र के नागरिकों को सुलभ और आधुनिक बैंकिंग सुविधाएं उपलब्ध होंगी, जिससे व्यापार, कृषि एवं स्थानीय अर्थव्यवस्था को नई गति मिलेगी।
इस अवसर पर महाप्रबंधक श्री संजय कुमार सिंह ने कहा कि इण्डियन ओवरसीज बैंक ब्यावरा के नागरिकों को विश्वस्तरीय और भरोसेमंद बैंकिंग सेवाएं प्रदान करने के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है। नई शाखा व्यवसायियों, किसानों एवं आमजन की वित्तीय आवश्यकताओं को पूरा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

नई शाखा के माध्यम से ग्राहकों को खाता खोलने, विभिन्न प्रकार के ऋण, क्रेडिट कार्ड सहित अनेक आधुनिक बैंकिंग एवं वित्तीय सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
कार्यक्रम में बैंक के मुख्य प्रबंधक श्री आर्तेश्वरम, श्री राहुल सलूजा, श्री दीपक शुक्ला, श्री सुधीर कुमार बुचके, श्री महेश कुमार, श्रीमती योगिता राजपाल सहित बैंक के अधिकारी, कर्मचारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।