ग्वालियर

ग्वालियर में साइबर सट्टा गिरोह का भंडाफोड़, 5 गिरफ्तार - सालाना 100 करोड़ का लेन-देन*

ग्वालियर

 *ग्वालियर में साइबर सट्टा गिरोह का भंडाफोड़, 5 गिरफ्तार - सालाना 100 करोड़ का लेन-देन*

*ग्वालियर।* मध्य प्रदेश के ग्वालियर में साइबर क्राइम विंग को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने विंडसर हिल्स इलाके में किराये के एक डुप्लेक्स मकान में चल रहे ऑनलाइन सट्टा, गैम्बलिंग और बैंक खातों की खरीद-फरोख्त के बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। इस कार्रवाई में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि विंडसर हिल्स में एक डुप्लेक्स में ऑनलाइन सट्टा का काम चल रहा है। सूचना पर साइबर क्राइम विंग की टीम ने छापा मारा तो वहां 5 युवक लैपटॉप और मोबाइल पर ऑनलाइन सट्टा संचालित करते मिले।

*इतना माल जब्त -*
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 23 मोबाइल फोन, 37 सिम कार्ड, 11 एटीएम कार्ड, 3 लैपटॉप, 6 पासबुक और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जब्त किए हैं।

 

*100 पैनल वेबसाइट से चलता था सट्टा -*
जांच में सामने आया है कि आरोपी 100 से ज्यादा पैनल वाली वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन सट्टा और गैम्बलिंग का धंधा चला रहे थे। उनके मोबाइल फोन की जांच में कई बैंक खातों की जानकारी मिली है। पुलिस अब उन सभी खातों की जांच कर रही है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, यह नेटवर्क प्रतिमाह 7 से 8 करोड़ रुपये का लेन-देन करता था। अनुमान है कि सालाना यह आंकड़ा करीब 100 करोड़ रुपये तक पहुंच जाता है।

*दुबई और श्रीलंका कनेक्शन -*
पूछताछ में एक बड़ा खुलासा हुआ है। आरोपी दुबई और श्रीलंका में बैठे अंतरराष्ट्रीय सट्टा नेटवर्क के संपर्क में थे। वहीं से उन्हें पैनल और आईडी उपलब्ध कराई जाती थी। पुलिस अब इस अंतरराष्ट्रीय कनेक्शन की भी जांच में जुट गई है।

फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है और इनके अन्य साथियों की तलाश की जा रही है। इस पूरे नेटवर्क में और भी लोग शामिल होने की आशंका जताई जा रही है।

*पुलिस की अपील -* साइबर क्राइम विंग ने आम जनता से अपील की है कि अपना बैंक खाता, एटीएम या सिम किसी अनजान व्यक्ति को किराए पर न दें, नहीं तो आप भी इस तरह के अपराध में फंस सकते हैं।