सरकार के लाखों रुपए खर्च, लेकिन ब्यावरा की शान तिरंगा ध्वजदंड सूना!
100 फीट ऊंचे ध्वजदंड पर आखिर तिरंगे को किसका इंतजार? क्या राष्ट्रीय ध्वज का सम्मान सिर्फ 15 अगस्त और 26 जनवरी तक सीमित?
पोस्ट ऑफिस के सामने अंबेडकर चौराहे पर लगा विशाल ध्वजदंड लंबे समय से बिना तिरंगे के नजर आ रहा, जिम्मेदार अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की अनदेखी पर उठे सवाल

राजगढ़ ब्यावरा | अमीन खान
MO: 9752912286
अजनार की पुकार
ब्यावरा। देश की आन, बान और शान का प्रतीक राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा, हर भारतीय के हृदय में सम्मान और गौरव का भाव जगाता है। लेकिन राजगढ़ जिले के ब्यावरा शहर में राष्ट्रीय गौरव से जुड़ी एक ऐसी तस्वीर सामने आ रही है, जो जिम्मेदारों की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करती है। शहर के मध्य ओल्ड एबी रोड स्थित पोस्ट ऑफिस के सामने, अंबेडकर चौराहे पर लगभग 100 फीट ऊंचा विशाल ध्वजदंड स्थापित है। जिस ध्वजदंड को ब्यावरा की शान और राष्ट्रीय गौरव का प्रतीक माना जाता है, वही लंबे समय से तिरंगे के बिना सूना नजर आ रहा है। सवाल यह है कि सरकार के लाखों रुपए खर्च कर स्थापित किए गए इस ध्वजदंड पर आखिर तिरंगा कब लहराएगा? क्या राष्ट्रीय ध्वज का सम्मान केवल स्वतंत्रता दिवस और गणतंत्र दिवस तक ही सीमित रह गया है?
15 अगस्त के बाद तिरंगे की जगह सन्नाटा!
जानकारी के अनुसार, उक्त ध्वजदंड पर 15 अगस्त को राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया था, लेकिन इसके बाद लंबे समय से यहां तिरंगा नजर नहीं आ रहा है। शहर के प्रमुख और व्यस्ततम स्थान पर स्थापित इतना विशाल ध्वजदंड बिना राष्ट्रीय ध्वज के खड़ा होना लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है। यह दृश्य अपने आप में कई सवाल खड़े करता है। जब राष्ट्रीय ध्वज देश की एकता, अखंडता और गौरव का प्रतीक है, तो फिर उसके लिए स्थापित ध्वजदंड को नियमित रूप से तिरंगे से सुशोभित रखने की व्यवस्था क्यों नहीं दिखाई दे रही?
जिम्मेदारों की नजरों से कैसे ओझल हुआ राष्ट्रीय गौरव?

हैरानी की बात यह है कि ब्यावरा शहर के मध्य स्थित इस ध्वजदंड के नीचे से प्रतिदिन सैकड़ों प्रतिष्ठित नागरिक, जनप्रतिनिधि, मध्यप्रदेश शासन के स्वतंत्र प्रभार मंत्री, वर्तमान क्षेत्रीय विधायक, नगर पालिका के वरिष्ठ कर्मचारी, अधिकारी और नगर पालिका सीएमओ सहित अनेक जिम्मेदार लोग गुजरते हैं। इसके बावजूद लंबे समय से सूने पड़े ध्वजदंड की ओर ध्यान नहीं जाना, नगर की व्यवस्थाओं और राष्ट्रीय प्रतीकों के सम्मान को लेकर चर्चा का विषय बना हुआ है।
आखिर क्या जिम्मेदारों को इस महत्वपूर्ण व्यवस्था की सुध नहीं है? क्या किसी अधिकारी या जनप्रतिनिधि ने यह जानने का प्रयास किया कि 15 अगस्त के बाद इस ध्वजदंड पर तिरंगा क्यों नहीं फहराया जा रहा? या फिर इस व्यवस्था को केवल राष्ट्रीय पर्वों तक सीमित मान लिया गया है?
भारतीय ध्वज संहिता के नियमों के तहत नियमित ध्वजारोहण संभव
भारतीय ध्वज संहिता के निर्धारित नियमों का पालन करते हुए राष्ट्रीय ध्वज को अन्य दिनों में भी फहराया जा सकता है। ऐसे में ब्यावरा के इस विशाल ध्वजदंड पर तिरंगा फहराने की नियमित व्यवस्था सुनिश्चित करना जिम्मेदार विभाग के लिए एक महत्वपूर्ण जनसरोकार का विषय है। राष्ट्रीय ध्वज की गरिमा, उसकी उचित देखरेख और सम्मानजनक प्रदर्शन सुनिश्चित करना आवश्यक है।
अजनार की पुकार अखबार की खास रिपोर्ट।

जनता का सवाल, नगर पालिका कब लेगी सुध?
ब्यावरा की जनता के मन में अब एक सीधा सवाल है—जब शहर के बीचोंबीच राष्ट्रीय गौरव का प्रतीक स्थापित है, जब इसके निर्माण और स्थापना पर सरकारी राशि खर्च की गई है, तो फिर इसे सूना क्यों छोड़ा गया है? क्या इस ध्वजदंड पर तिरंगा फहराने के लिए किसी विशेष अवसर का इंतजार किया जा रहा है?
अब देखना यह है कि ब्यावरा नगर पालिका के जिम्मेदार अधिकारी, सीएमओ और जनप्रतिनिधि इस मामले को कितनी गंभीरता से लेते हैं। क्या ध्वजदंड पर नियमित रूप से तिरंगा फहराने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी, या फिर ब्यावरा की शान यूं ही लंबे समय तक सूनी खड़ी रहेगी?
ब्यावरा की जनता की अपेक्षा है कि राष्ट्रीय गौरव के प्रतीक इस ध्वजदंड पर तिरंगा सम्मानपूर्वक लहराए और शहर की पहचान देशभक्ति के रंग में रंगी नजर आए।
अब सवाल जिम्मेदारों से है—ब्यावरा की शान तिरंगा ध्वजदंड पर कब लहराएगा? आखिर तिरंगे को किसका इंतजार है?,