*भैंस के हमले में गंभीर रूप से घायल हुई 55 वर्षीय महिला,*
*डेढ़ घंटे की सर्जरी के बाद बची जान*
*राजगढ़।* मंगलवार को राजगढ़ जिले के ग्राम भवानीपुरा की रहने वाली 55 वर्षीय काशीबाई को एक भैंस ने सींग मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया, जिसके बाद उन्हें तुरंत जिला अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों की एक टीम ने करीब डेढ़ घंटे की जटिल सर्जरी कर उनकी जान बचाई।
यह घटना उस समय हुई जब काशीबाई अपनी भैंस को बाहर लेकर जा रही थीं और तभी दूसरी भैंस ने उन पर हमला कर दिया। इस हमले में उनके उल्टे पैर की जांघ का पूरा मांस फटकर अलग हो गया, जिससे उनकी हालत बहुत गंभीर हो गई थी। अस्पताल पहुँचते ही काशीबाई को तुरंत भर्ती किया गया। सर्जरी स्पेशलिस्ट डॉ. आरके कठेरिया के नेतृत्व में डॉक्टरों की एक टीम ने मोर्चा संभाला। डॉ. कठेरिया ने बताया कि भैंस के सींग से जांघ का मांस पूरी तरह से फट गया था।
, जिसके बाद इसे ठीक करने के लिए तीन परतों में टांके लगाए गए। पहली परत में मांसपेशियों की क्षति को ठीक किया गया, दूसरी परत में वसा को व्यवस्थित किया गया, और तीसरी परत में स्किन में 50 से अधिक टांके लगाए गए।
इस पूरी सर्जरी के दौरान महिला को लोकल एनेस्थीसिया दिया गया था, जिसकी वजह से वह पूरी प्रक्रिया के दौरान होश में रहीं। सर्जरी के बाद उन्हें वार्ड में शिफ्ट कर दिया गया। डॉक्टरों के मुताबिक, महिला को पूरी तरह से ठीक होने में लगभग एक महीने का समय लगेगा। इस दौरान उनकी नियमित ड्रेसिंग और कुछ जरूरी जांचें की जाएंगी। अस्पताल प्रशासन द्वारा गंभीर हालत में महिला की जान बचाने पर उनके परिजनों ने संतोष व्यक्त किया और डॉक्टरों की टीम का आभार जताया। इस सफल सर्जरी टीम में डॉ. आरके कठेरिया के साथ डीआरपी ऑर्थोपेडिक डॉ. ओमप्रकाश, सर्जन डॉ. सौरभ तिवारी, रुकमणि भिलाला और सपोर्ट स्टाफ शामिल था।