राजगढ़

CM के हाथों मिली मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल, दिव्यांगजनों के सपनों को मिले नए पंख, 11 दिव्यांगजनों के जीवन में आई नई उम्मीद, आत्मनिर्भरता की ओर बढ़े मजबूत कदम।

राजगढ़

 

 राजगढ़ 30 जून, 2026

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने जल गंगा संवर्धन अभियान के समापन अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में जिले के 11 दिव्यांगजनों को मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल प्रदान कर उनके जीवन को नई गति और नई आशा दी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि दिव्यांगजन समाज की शक्ति हैं और उन्हें सम्मान, सुविधा तथा आत्मनिर्भरता उपलब्ध कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में है। मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल प्राप्त करने वाले हितग्राहियों में श्री सुनील राणा (पिपलियाबाग), श्री नंदकिशोर (सेमलागोगा), श्री बनेसिंह (सूरजपुरा), श्री गोलू (अंडालहेड़ा), श्री कमल सिंह (माना), श्री छगनलाल (नरसिंहगढ़), श्री  नीरज सोंधिया (अमरतपुरा), श्री प्रताप सिंह (पाडली), श्री गणपत (धुखेड़ी),  श्री कंवरलाल (पाडली) एवं श्री दिनेश (जुनापानीखेड़ा) शामिल रहे।

मुख्यमंत्री के हाथों ट्राइसाइकिल प्राप्त कर सभी हितग्राहियों के चेहरे खुशी से खिल उठे। उन्होंने मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह केवल एक ट्राइसाइकिल नहीं, बल्कि उनके जीवन में सम्मान, आत्मविश्वास और स्वतंत्रता की नई शुरुआत है। इस अवसर पर समाज के प्रति एक भावपूर्ण संदेश भी सामने आया कि दिव्यांगता किसी व्यक्ति की क्षमता को सीमित नहीं करती, बल्कि समाज का सहयोग और संवेदनशीलता ही उसे नई उड़ान देती है। प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि वह दिव्यांगजनों को समान अवसर, सम्मान और सहयोग प्रदान कर एक समावेशी एवं संवेदनशील समाज के निर्माण में अपनी भागीदारी निभाए। मुख्यमंत्री की यह पहल शासन की जनकल्याणकारी सोच और दिव्यांगजनों के सशक्तिकरण के प्रति उसकी प्रतिबद्धता का जीवंत उदाहरण बनी।