,,,

आत्महत्या करने जा रहे पीड़ित की ग्रामीण की सूझबूझ से बची जान, पुलिस अधीक्षक ने किया सम्मानित,

मध्यप्रदेश पुलिस मुख्यालय द्वारा संचालित "Safe Click अभियान 2.0" के अंतर्गत साइबर अपराधों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करते हुए पुलिस अधीक्षक राजगढ़ श्री अमित तोलानी (भा.पु.से.) के नेतृत्व, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री के.एल. बंजारे के मार्गदर्शन एवं एसडीओपी ब्यावरा श्री प्रकाश शर्मा के निर्देशन में थाना ब्यावरा शहर पुलिस एवं साइबर टीम ने साइबर ठगी के एक महत्वपूर्ण प्रकरण का सफल खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से ₹3,24,000 नगद एवं घटना में प्रयुक्त दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
घटना का विवरण,
फरियादी अनिल राजपूत पिता देवीसिंह राजपूत निवासी ग्राम आलमपुर, तहसील ब्यावरा, जिला राजगढ़ के पास ₹5 का एक विशेष नोट था, जिस पर ट्रैक्टर का चित्र बना हुआ था। आरोपी ने फेसबुक के माध्यम से संपर्क कर उक्त नोट के बदले ₹17 लाख दिलाने का लालच दिया। आरोपी ने स्वयं को विश्वसनीय बताकर फरियादी को अपने विश्वास में लिया तथा विभिन्न बहानों से उसके बैंक खातों एवं डिजिटल माध्यमों से अलग-अलग किश्तों में कुल ₹3,65,000/- अपने खातों में ट्रांसफर करा लिए।
जब फरियादी को यह एहसास हुआ कि उसके साथ साइबर ठगी हो चुकी है और उसकी पूरी जमा पूंजी चली गई है, तो वह मानसिक रूप से पूरी तरह टूट गया तथा आत्महत्या करने के उद्देश्य से घटनास्थल तक पहुंच गया।
इसी दौरान ग्राम आलमपुर निवासी बलवंत सिंह सौंधिया ने समय रहते उसे समझाया, आत्महत्या जैसा कदम उठाने से रोका तथा उसे अपने साथ थाना ब्यावरा शहर लेकर पहुंचे, जहां फरियादी ने पूरी घटना पुलिस को बताई। पुलिस ने तत्काल अपराध दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की।
पुलिस कार्रवाई,
फरियादी की शिकायत पर थाना ब्यावरा शहर में अपराध क्रमांक 451/2026 धारा 318(4) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध कर विशेष टीम गठित की गई।
टीम द्वारा तकनीकी विश्लेषण, बैंक खातों, मोबाइल नंबरों, IMEI, डिजिटल ट्रांजेक्शन, स्थानीय सूचना तंत्र एवं मुखबिर सूचना के आधार पर आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ में आरोपी से महत्वपूर्ण डिजिटल साक्ष्य प्राप्त हुए तथा उसके कब्जे से नगद राशि एवं घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन जप्त किए गए।
गिरफ्तार आरोपी,
जुबेर खान पिता सुभान खान, उम्र 28 वर्ष
निवासी ग्राम मटोरे, थाना खैरथल, जिला खैरथल-तिजारा (राजस्थान)
आरोपी से जप्त मशरूका,
₹3,24,000 नगद
Vivo कंपनी का एक मोबाइल फोन
Realme कंपनी का एक मोबाइल फोन
बरामद मोबाइल फोनों का फॉरेंसिक परीक्षण कराया जा रहा है तथा साइबर ठगी से जुड़े अन्य आरोपियों एवं नेटवर्क की जांच जारी है।
विशेष सम्मान,
बलवंत सिंह सौंधिया की मानवीय संवेदनशीलता एवं सराहनीय पहल के कारण एक व्यक्ति की जान बच सकी। उनके इस उत्कृष्ट कार्य के लिए पुलिस अधीक्षक श्री अमित तोलानी द्वारा शॉल, श्रीफल एवं प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। साथ ही उत्कृष्ट विवेचना एवं आरोपी की गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम को भी प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
सराहनीय सहयोग,
आरोपी की गिरफ्तारी में पुलिस अधीक्षक खैरथल-तिजारा श्री बृजेश उपाध्याय (भा.पु.से.) एवं उनकी DST टीम का विशेष सहयोग प्राप्त हुआ। टीम में एएसआई सद्दीक, आरक्षक ओमप्रकाश एवं आरक्षक बृजेश का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
राजगढ़ पुलिस की ओर से थाना प्रभारी निरीक्षक शिवराज सिंह चौहान, उप निरीक्षक धर्मेन्द्र शर्मा (विवेचना अधिकारी), उप निरीक्षक जितेन्द्र अजनारे (सायबर प्रभारी), प्रधान आरक्षक केशव राजपूत, आरक्षक अंतिम सोलंकी, आरक्षक हितेश, आरक्षक सुनील, आरक्षक जयप्रकाश एवं आरक्षक अंशुल त्यागी की सराहनीय भूमिका रही।
राजगढ़ पुलिस की अपील,
राजगढ़ पुलिस आमजन से अपील करती है कि फेसबुक, व्हाट्सएप अथवा अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर वायरल होने वाले लालच भरे संदेशों, दुर्लभ नोट या सिक्कों की खरीद-फरोख्त, इनाम, लॉटरी या भारी राशि दिलाने के झांसे में बिल्कुल न आएं। अपने बैंक खाते, एटीएम कार्ड, पासबुक, सिम कार्ड, OTP, UPI PIN अथवा अन्य गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा न करें। किसी भी प्रकार की साइबर धोखाधड़ी होने पर तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 अथवा cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज करें या निकटतम पुलिस थाने से संपर्क करें।