भोपाल,24 जून 2026।ऑल इंडिया मुस्लिम-ए-इतेहादुल मुस्लिमीन ( AIMIM ) के प्रदेश अध्यक्ष मोहसिन अली खान ने मध्य प्रदेश सरकार और प्रशासन पर राजनीतिक कार्यक्रमों को लेकर भेदभावपूर्ण रवैया अपनाने का आरोप लगाया है।उन्होंने कहा कि 14 जून को गांधी भवन में AIMIM का एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम आयोजित होना था,लेकिन प्रशासन द्वारा अनुमति नहीं दिए जाने के कारण कार्यक्रम वहां नहीं हो सका।
प्रदेश अध्यक्ष मोहसिन अली खान ने बताया कि प्रशासनिक अनुमति न मिलने के बावजूद पार्टी ने लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण तरीके से अपना कार्यक्रम दूसरे स्थान पर आयोजित किया तथा जनता के बीच अपनी बात रखी।AIMIM प्रदेश अध्यक्ष मोहसिन अली खान ने कहा कि AIMIM हमेशा संविधान और कानून के दायरे में रहकर काम करती है और लोकतांत्रिक मूल्यों में विश्वास रखती है।
AIMIM प्रदेश अध्यक्ष मोहसिन अली खान ने हाल ही में पॉलिटेक्निक चौराहे पर एक संगठन द्वारा किए गए प्रदर्शन का उल्लेख करते हुए सवाल उठाया कि यदि किसी क्षेत्र में प्रतिबंधात्मक आदेश लागू हैं,तो उनका पालन सभी संगठनों और राजनीतिक दलों पर समान रूप से होना चाहिए।उन्होंने कहा कि एक ओर AIMIM के कार्यक्रमों पर रोक लगाई जाती है, जबकि दूसरी ओर अन्य संगठनों को प्रदर्शन और सड़क जाम जैसी गतिविधियों की अनुमति मिल जाती है।
AIMIM प्रदेश अध्यक्ष मोहसिन अली खान ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार संविधान,इंसाफ और जनता के अधिकारों की बात करने वाली आवाज़ों को दबाने का प्रयास कर रही है।उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में किसी भी राजनीतिक दल के साथ भेदभाव नहीं होना चाहिए और सभी को समान अवसर तथा अधिकार मिलने चाहिए।
AIMIM प्रदेश अध्यक्ष मोहसिन अली खान ने प्रशासन से मांग की कि प्रदेश में सभी राजनीतिक दलों और सामाजिक संगठनों के साथ बिना किसी भेदभाव के समान व्यवहार किया जाए तथा कानून का पालन सभी पर एक समान रूप से लागू किया जाए। उन्होंने कहा कि AIMIM आगे भी लोकतांत्रिक और संवैधानिक तरीके से जनता के मुद्दों को उठाती रहेगी और अवाम की आवाज़ बुलंद करती रहेगी।