साइबर अपराधों की बढ़ती चुनौतियों को देखते हुए मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा संचालित "सेफ क्लिक 2.0" अभियान के अंतर्गत जिला राजगढ़ में 24 जून 2026 से 08 जुलाई 2026 तक व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। अभियान का उद्देश्य आमजन को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करना, डिजिटल सुरक्षा उपायों की जानकारी देना तथा साइबर ठगी से बचाव के लिए जनसहभागिता सुनिश्चित करना है।
पुलिस अधीक्षक राजगढ़ श्री अमित कुमार तोलानी (भा.पु.से.) के निर्देशन में जिला मुख्यालय सहित जिले के समस्त थाना क्षेत्रों में अभियान का शुभारंभ किया गया। अभियान के दौरान नागरिकों को साइबर हेल्पलाइन 1930, राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (NCRP), संचार साथी (CEIR), डिजिटल अरेस्ट, फर्जी KYC, OTP फ्रॉड, UPI धोखाधड़ी, निवेश ठगी, सोशल मीडिया अपराध एवं ऑनलाइन सुरक्षा उपायों के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की जाएगी।
अभियान के शुभारंभ अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से "सेफ क्लिक 2.0" अभियान का प्रदेशव्यापी शुभारंभ किया गया। मुख्यमंत्री महोदय ने अपने उद्बोधन में साइबर अपराधों की बढ़ती चुनौतियों पर चिंता व्यक्त करते हुए नागरिकों से डिजिटल लेन-देन एवं सोशल मीडिया के उपयोग में सतर्कता बरतने का आह्वान किया। उन्होंने साइबर जागरूकता को जनआंदोलन का स्वरूप देने, प्रत्येक नागरिक तक साइबर सुरक्षा का संदेश पहुंचाने तथा साइबर अपराधों की रोकथाम में जनभागीदारी सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया। मुख्यमंत्री महोदय के उद्बोधन का सीधा प्रसारण जिला राजगढ़ सहित जिले के सभी थाना क्षेत्रों में किया गया, जिसमें पुलिस अधिकारी, कर्मचारी, जनप्रतिनिधि, विद्यार्थी एवं आमजन उत्साहपूर्वक शामिल हुए।
अभियान के अंतर्गत स्कूलों, महाविद्यालयों, आईटीआई, बैंकों, एटीएम केंद्रों, कॉमन सर्विस सेंटरों, डाकघरों, अस्पतालों, ग्राम पंचायतों, महिला समूहों, व्यापारिक प्रतिष्ठानों, धार्मिक स्थलों एवं शासकीय कार्यालयों में व्यापक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। साथ ही साइबर चौपाल, नुक्कड़ नाटक, जनजागरूकता रैली, सोशल मीडिया अभियान, साइबर रन, साइबर मेला एवं प्रदर्शनी जैसे नवाचार कार्यक्रमों के माध्यम से अधिक से अधिक नागरिकों तक साइबर सुरक्षा का संदेश पहुंचाया जाएगा।
विशेष रूप से महिलाओं, बच्चों, वरिष्ठ नागरिकों, विद्यार्थियों एवं ऑनलाइन बैंकिंग उपयोगकर्ताओं को साइबर अपराधियों द्वारा अपनाए जाने वाले नवीन तरीकों के प्रति जागरूक किया जाएगा तथा उन्हें सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने के लिए प्रेरित किया जाएगा। अभियान के दौरान प्रत्येक थाना प्रतिदिन न्यूनतम दो जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करेगा तथा समस्त गतिविधियों का फोटो, वीडियो एवं मीडिया कवरेज संधारित किया जाएगा।
अभियान को सफल बनाने हेतु स्थानीय जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों, बैंक अधिकारियों, स्वयंसेवी संस्थाओं, पंचायत प्रतिनिधियों, मीडिया प्रतिनिधियों एवं सामाजिक संगठनों का सहयोग भी लिया जाएगा। साथ ही कोटवारों द्वारा मुनादी, घर-घर संपर्क, डिजिटल प्रचार-प्रसार एवं जनसंवाद के माध्यम से साइबर सुरक्षा संबंधी जानकारी प्रत्येक नागरिक तक पहुंचाई जाएगी।
साइबर सेल एवं पुलिस की प्रभावी कार्रवाई से वर्ष 2026 में पीड़ितों को राहत।
न्यायालयीन प्रक्रिया के माध्यम से साइबर अपराधियों द्वारा ठगी गई रकम को त्वरित कार्रवाई कर 68,20,465 रुपए होल्ड कराकर एवं 59,92,885 रूपए रिफंड कराया गया।
राजगढ़ पुलिस द्वारा जिले के समस्त नागरिकों से अपील की गई है कि किसी भी प्रकार की साइबर धोखाधड़ी होने पर तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करें अथवा राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं तथा साइबर अपराधों के विरुद्ध इस जनजागरूकता अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाएं।
"सतर्क नागरिक ही सुरक्षित डिजिटल समाज की आधारशिला है।"