ब्यावरा। राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री नारायण सिंह पंवार ने ब्यावरा विधानसभा क्षेत्र के ग्राम बरखेड़ा में लगभग 1 करोड़ 51 लाख रुपए की लागत से निर्मित दो सीसी रोडों का लोकार्पण किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री पंवार ने कहा कि माननीय मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव जी के नेतृत्व में मध्यप्रदेश विकास और जनकल्याण के नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है। प्रदेश सरकार गांव, गरीब, किसान, महिला एवं युवाओं के उत्थान के लिए निरंतर कार्य कर रही है। सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, सिंचाई, पेयजल और अन्य आधारभूत सुविधाओं के क्षेत्र में तेजी से किए जा रहे विकास कार्य प्रदेश को समृद्ध और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा है कि विकास की रोशनी अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुंचे और प्रत्येक गांव मूलभूत सुविधाओं से परिपूर्ण बने।

मंत्री पंवार ने जल संरक्षण के महत्व पर विशेष बल देते हुए कहा कि “जल प्रकृति का अमूल्य उपहार है और इसके संरक्षण की जिम्मेदारी हम सभी की है। वर्तमान समय में बढ़ते तापमान और बदलते जलवायु परिदृश्य को देखते हुए जल संरक्षण को जनआंदोलन का स्वरूप देना आवश्यक है। वर्षा जल संचयन, जल स्रोतों का संरक्षण, तालाबों एवं कुओं का संवर्धन तथा पानी के विवेकपूर्ण उपयोग से ही आने वाली पीढ़ियों के लिए जल सुरक्षा सुनिश्चित की जा सकती है। जल बचाना केवल पर्यावरण संरक्षण नहीं, बल्कि मानव जीवन और विकास की सुरक्षा का संकल्प है।”
लोकार्पण कार्यक्रम से पूर्व मंत्री पंवार ने ग्राम बरखेड़ा में ब्यावरा मंडल के बूथ क्रमांक 102 पर कार्यकर्ताओं एवं ग्रामवासियों के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ का श्रवण किया। इस दौरान बड़ी संख्या में उपस्थित नागरिकों ने कार्यक्रम को ध्यानपूर्वक सुना और प्रधानमंत्री जी के विचारों से प्रेरणा प्राप्त की।
‘मन की बात’ कार्यक्रम के महत्व पर अपने विचार व्यक्त करते हुए मंत्री श्री पंवार ने कहा कि “मन की बात केवल एक रेडियो कार्यक्रम नहीं, बल्कि देशवासियों के मन, भावनाओं और संकल्पों को जोड़ने वाला एक सशक्त राष्ट्रीय संवाद है। यह कार्यक्रम समाज के उन प्रेरणादायक व्यक्तित्वों और सकारात्मक प्रयासों को देश के सामने लाता है, जो राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं। इसके माध्यम से देश की उपलब्धियों, नवाचारों, जनभागीदारी और आमजन की सफलता की कहानियों को नई पहचान मिलती है। ‘मन की बात’ विकसित भारत, आत्मनिर्भर भारत और जनसहभागिता के संकल्प को निरंतर सशक्त बना रहा है।”
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी ने अपने संबोधन में देश के कई हिस्सों में पड़ रही भीषण गर्मी को देखते हुए नागरिकों से स्वास्थ्य के प्रति विशेष सतर्कता बरतने का आग्रह किया है। प्रधानमंत्री जी ने पर्याप्त मात्रा में पानी पीने, शरीर को हाइड्रेट रखने, अत्यधिक गर्मी और लू से बचाव के उपाय अपनाने तथा शासन एवं प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है। मंत्री पंवार ने भी सभी नागरिकों से आग्रह किया कि वे स्वयं के साथ-साथ अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी गर्मी से बचाव के प्रति जागरूक करें।
इस अवसर पर पूर्व मंत्री बद्रीलाल यादव,राजगढ़ विधायक अमर सिंह यादव, दिलवर यादव, जसवंत गुर्जर, अमित शर्मा जी, श्री पवन कुशवाह मंडल अध्यक्ष राजू यादव मंडल महामंत्री दीपक सामरे सहित जनप्रतिनिधिगण, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे।